
Gold and Silver Price Prediction: लगातार बढ़ रही कीमतों के बावजूद धनतेरस पर रिकॉर्ड तोड़ बिक्री, 2026 तक सोना ₹1.60 लाख और चांदी ₹2.4 लाख तक पहुंच सकती है
हालांकि सोने की कीमतों में रिकॉर्ड तोड़ तेजी देखी जा रही है, फिर भी इसकी मांग में कोई कमी नहीं आई है। हाल ही में मनाए गए धनतेरस पर्व पर देशभर में सोने-चांदी की बिक्री 60,000 करोड़ रुपये से अधिक रही, जो इस बात का संकेत है कि लोग अब भी इन धातुओं को निवेश का सुरक्षित विकल्प मान रहे हैं।
5 साल में सोने ने दिया 200% रिटर्न
अक्टूबर 2020 में सोने की कीमत जहां ₹47,000 प्रति 10 ग्राम थी, वहीं अब यह बढ़कर ₹1,30,000 के स्तर को पार कर चुकी है। यानी महज 5 वर्षों में करीब 200% रिटर्न मिला है। सिर्फ पिछले एक साल की बात करें, तो सोने ने लगभग 60% का रिटर्न दिया है। 31 दिसंबर 2024 को 24 कैरेट सोने का दाम ₹76,162 था, जो अब बढ़कर ₹1,30,840 प्रति 10 ग्राम हो गया है।
2026 तक ₹1.60 लाख पहुंच सकता है सोना
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर मौजूदा वैश्विक आर्थिक परिस्थितियां और मांग बनी रही, तो अगली धनतेरस तक सोने की कीमत ₹1.60 लाख प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकती है। ब्रिटेन के बैंक SSBC और बैंक ऑफ अमेरिका दोनों ने यह अनुमान लगाया है कि 2026 तक सोना वैश्विक बाजार में $5000 प्रति औंस तक जा सकता है। यदि यह अनुमान सही साबित होता है, तो भारत में सोने की कीमत ₹1.50 लाख से लेकर ₹1.60 लाख तक पहुंच सकती है।
चांदी की कीमतों में भी जबरदस्त उछाल की उम्मीद
सिर्फ सोना ही नहीं, चांदी भी निवेशकों को आकर्षित कर रही है। ब्रोकरेज हाउस मोतीलाल ओसवाल के अनुसार, 2026 तक भारत में चांदी की कीमत ₹2.4 लाख प्रति किलोग्राम तक जा सकती है। यह मौजूदा कीमत से लगभग 46% की बढ़ोतरी होगी। वैश्विक स्तर पर भी चांदी की कीमतें 2027 तक $77 प्रति औंस तक पहुंचने का अनुमान है। यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से औद्योगिक मांग में इजाफा और वैश्विक सप्लाई में कमी के चलते संभव है।

