Bihar Transfer-Posting News: आईपीएस अधिकारी प्रेरणा कुमार को पुलिस अधीक्षक, नवगछिया के पद से हटाकर लखीसराय का पुलिस अधीक्षक का दायित्व सौंपा गया है. देखिए डिटेल्स.
नीतीश सरकार ने बुधवार, 18 मार्च 2026 को पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है। इस फेरबदल में चार आईपीएस अधिकारियों का स्थानांतरण कर उन्हें नई जिम्मेदारियाँ दी गई हैं, साथ ही दो बिहार पुलिस सेवा (BPS) के अधिकारियों का भी तबादला किया गया।
बिहार के गृह विभाग (आरक्षी शाखा) ने इन तबादलों की आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। अधिसूचना के अनुसार, 2012 बैच के आईपीएस अजय कुमार पांडेय को पुलिस उप-महानिरीक्षक, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना से स्थानांतरित कर पुलिस उप-महानिरीक्षक, मद्य निषेध एवं एएनटीएफ, बिहार, पटना की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, 2018 बैच की आईपीएस अधिकारी प्रेरणा कुमार को नवगछिया के पुलिस अधीक्षक पद से हटाकर लखीसराय का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
राजेश कुमार अब नवगछिया के पुलिस अधीक्षक होंगे, जबकि लखीसराय के पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित को बिहार पुलिस मुख्यालय कार्मिक-एक का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। इसके अतिरिक्त, बिहार पुलिस सेवा के दो अन्य अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं।
कटिहार के पुलिस उपाधीक्षक (साइबर क्राइम) राम कृष्णा को अगले आदेश तक अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1, बाढ़, पटना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही, बाढ़ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 आनंद कुमार सिंह को उच्च न्यायालय सुरक्षा, पटना में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर तैनात किया गया है।
गृह विभाग ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे तुरंत अपने नए पदस्थापन पर कार्यभार ग्रहण करें। प्रशासनिक स्तर पर इसे महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है। नई तैनाती से कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की उम्मीद है, क्योंकि सरकार प्रदेश में कानून व्यवस्था को सुधारने के लिए लगातार प्रयासरत है।

