Madhya Pradesh News: सागर के शाहगढ़ में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने 25 वर्षीय महिला नर्स दीपशिखा चढ़ार की गोली मारकर हत्या कर दी गई. अज्ञात आरोपी फरार है. पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है.
सागर जिले में बुधवार (4 फरवरी) रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई. शाहगढ़ थाना क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के ठीक सामने एक महिला स्टाफ नर्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है.
मृतक नर्स की पहचान 25 वर्षीय दीपशिखा चढ़ार के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात करीब 8.30 बजे दीपशिखा स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य प्रवेश द्वार पर मौजूद थीं. इसी दौरान एक अज्ञात युवक वहां पहुंचा और अचानक उन पर गोली चला दी. गोली लगते ही दीपशिखा वहीं गिर पड़ीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
वारदात के बाद फरार हुआ आरोपी
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. आसपास मौजूद लोगों ने जब गोली चलने की आवाज सुनी तो अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही शाहगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. इसके साथ ही मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है. फिलहाल हत्या के सही कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है.
रिपोर्ट्स के अनुसार, वारदात को अंजाम देने का शक जबलपुर के कटंगी पाटन क्षेत्र के रहने वाले एक युवक पर जताया जा रहा है. बताया जा रहा है कि आरोपी शाहगढ़ में अपने एक दोस्त के साथ रह रहा था.
दीपशिखा भी बीते करीब दो साल से इसी इलाके में रह रही थीं और दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे. आरोपी युवक दीपशिखा पर शादी के लिए दबाव बना रहा था. युवती के इंकार करने पर वह नाराज था.
तीन गोलियां चलाईं, एक पीठ में लगी
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने कुल तीन गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली दीपशिखा की पीठ में लगी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.

