ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में घर से 20 लाख रुपये चोरी के मामले में पुलिस ने चार नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया है. जांच में सामने आया कि बच्चों ने काले रंग की थार कार खरीदने के मकसद से पड़ोसी के घर की अलमारी का ताला तोड़कर नकदी उड़ाई थी. नाबालिगों ने पुलिस को बताया कि उन्हें थार बहुत पसंद थी, रील में अक्सर देखते थे.
ग्रेटर नोएडा की जेवर पुलिस ने घर की अलमारी से 20 लाख रुपए चोरी होने के मामले का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने चार बाल अपचारियों को अभिरक्षा में लिया है, उनके कब्जे से रुपए भी बरामद कर लिए हैं. पुलिस का कहना है कि इन नाबालिगों ने थार गाड़ी खरीदने के लिए चोरी की थी.
जेवर के रहने वाले पार्श्व ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनकी घर की अलमारी में रखे 20 लाख रुपए चोरी हो गए हैं. जब चोरी हुई, उस समय घर पर कोई मौजूद नहीं था. वह वापस आए, तो उन्होंने देखा कि अलमारी में रखे रुपये गायब थे. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी.
पीड़ित ने बताया कि जमीन बेचकर मिले रुपए अलमारी में रखे थे. इस मामले में पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज किया गया. पुलिस ने आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और 4 बाल अपचारियों को जेवर ऋषि रोड के पास से अभिरक्षा में लिया. उनके पास से 2 लाख रुपए भी बरामद किए गए.

