
Magh Mela 2026: प्रयागराज में चल रहे माघ मेले के दौरान शनिवार (10 जनवरी) को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पवित्र त्रिवेणी संगम में स्नान किया। संगम में आस्था की डुबकी लगाने के बाद उन्होंने विधि-विधान से मां गंगा की पूजा-अर्चना की और माघ मेले के सफल आयोजन के साथ प्रदेश की सुख-समृद्धि व जनकल्याण की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने लेटे हुए बड़े हनुमान जी के दर्शन भी किए।
गौरतलब है कि प्रयागराज में माघ मेले की शुरुआत 3 जनवरी 2026 से हो चुकी है, जो 15 फरवरी 2026 को महाशिवरात्रि तक चलेगा। मकर संक्रांति से पहले मुख्यमंत्री प्रयागराज पहुंचे थे। संगम स्नान से पहले उन्होंने आमचन किया और सतुआ बाबा के साथ संगम में उतरे।
सीएम योगी ने संगम में तीन बार लगाई डुबकी
संगम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीन बार डुबकी लगाई। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, संगम में तीन डुबकी लगाने से शरीर, मन और आत्मा की शुद्धि होती है। पहली डुबकी पापों के नाश और मोक्ष के लिए, दूसरी पितरों की शांति के लिए और तीसरी परिवार व जनकल्याण की सुख-समृद्धि के लिए मानी जाती है। साथ ही, तीन डुबकी त्रिदेव—ब्रह्मा, विष्णु और महेश—तथा सृष्टि, पालन और संहार का भी प्रतीक मानी जाती हैं।
गंगा पूजन के बाद बड़े हनुमान के दर्शन
संगम स्नान के उपरांत मुख्यमंत्री ने मां गंगा का पूजन किया और लेटे हुए बड़े हनुमान जी के दर्शन किए। मान्यता है कि लंका विजय के बाद थकान के कारण हनुमान जी ने इसी स्थान पर विश्राम किया था, इसलिए यहां उनकी प्रतिमा लेटी हुई अवस्था में स्थापित है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि संगम स्नान के बाद बड़े हनुमान जी के दर्शन से धार्मिक यात्रा पूर्ण मानी जाती है और भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं।

