
Vijay Hazare Trophy 2025-26:
विजय हजारे ट्रॉफी के ग्रुप स्टेज के आखिरी दिन यानी 8 जनवरी को कई बड़े रिकॉर्ड टूटे और स्टार खिलाड़ियों ने धमाकेदार प्रदर्शन किया. टूर्नामेंट में आज कुल 16 मुकाबले खेले गए, जिसमें पंजाब, दिल्ली, राजस्थान और बड़ौदा ने अहम जीत दर्ज की. मुंबई, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, सौराष्ट्र, विदर्भ, दिल्ली, पंजाब और मध्य प्रदेश ने क्वार्टरफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. इस दिन सबसे बड़ा आकर्षण सरफराज खान की रिकॉर्डतोड़ पारी रही, वहीं हार्दिक पांड्या, ऋतुराज गायकवाड़ और रिंकू सिंह ने भी अपने-अपने मैचों में शानदार प्रदर्शन किया.
सरफराज खान ने तोड़ा सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड
मुंबई के लिए खेलते हुए सरफराज खान ने पंजाब के खिलाफ मुकाबले में महज 15 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर विजय हजारे ट्रॉफी इतिहास की सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड बना दिया. इससे पहले यह रिकॉर्ड अतीत शेठ के नाम था, जिन्होंने 16 गेंदों में पचास रन बनाए थे. सरफराज ने इस मैच में 20 गेंदों पर 62 रनों की तूफानी पारी खेली.
हार्दिक पांड्या का ऑलराउंड शो
हार्दिक पांड्या ने चंडीगढ़ के खिलाफ मैच में एक बार फिर अपनी बेहतरीन फॉर्म का प्रदर्शन किया. उन्होंने 31 गेंदों पर 75 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और 9 छक्के शामिल थे. इसके अलावा गेंदबाजी में भी उन्होंने 3 विकेट झटके. इससे पहले 3 जनवरी को विदर्भ के खिलाफ मुकाबले में हार्दिक ने 133 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली थी.
गायकवाड़ का इतिहास, रिंकू का योगदान
ऋतुराज गायकवाड़ ने महाराष्ट्र के लिए 134 रनों की पारी खेलते हुए विजय हजारे ट्रॉफी में अपना 15वां शतक जड़ा. इसके साथ ही उन्होंने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में अंकित बवाने की बराबरी कर ली. वहीं लिस्ट-ए क्रिकेट में वह अब तक 58.83 के औसत से 5,060 रन बनाकर सबसे बेहतरीन औसत वाले बल्लेबाज बन गए हैं.
उत्तर प्रदेश के कप्तान रिंकू सिंह ने बंगाल के खिलाफ नाबाद 37 रनों की अहम पारी खेली और टीम को 5 विकेट से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई.
1 रन से जीती अभिषेक शर्मा की टीम
अभिषेक शर्मा की कप्तानी वाली पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 216 रन बनाए, जिसमें कप्तान सिर्फ 8 रन ही जोड़ सके. जवाब में श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली मुंबई की टीम 215 रनों पर सिमट गई. श्रेयस अय्यर ने 45 रन बनाए, जबकि सूर्यकुमार यादव 15 और शिवम दुबे 12 रन ही बना सके. इस तरह पंजाब ने मुकाबला महज 1 रन से अपने नाम किया.

