
Arshdeep Singh: भारतीय क्रिकेटर अर्शदीप सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे उनकी आईपीएल टीम पंजाब किंग्स ने भी अपने आधिकारिक हैंडल से शेयर किया है। वीडियो में अर्शदीप एक बुजुर्ग महिला फैन के पैर छूते नजर आ रहे हैं, जिसके बाद फैंस उनके संस्कारों और विनम्रता की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
अर्शदीप सिंह को मैदान के बाहर उनके खुशमिजाज स्वभाव के लिए जाना जाता है। वह सोशल मीडिया पर अक्सर मजेदार रील्स बनाते हैं और अपने आसपास के लोगों को हंसाने की कोशिश करते रहते हैं। वायरल हो रहे इस वीडियो में एक बुजुर्ग महिला उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए खड़ी होती हैं। अर्शदीप उन्हें देखते ही सबसे पहले ‘सत श्री अकाल’ कहते हैं, फिर उनके पैर छूकर आशीर्वाद लेते हैं और हालचाल पूछते हैं।
इसके बाद महिला फैन जब फोटो लेने की इच्छा जताती हैं, तो अर्शदीप बिना जल्दबाजी किए रुकते हैं और उनके साथ आराम से तस्वीर खिंचवाते हैं। अर्शदीप का यह व्यवहार सोशल मीडिया यूजर्स का दिल जीत रहा है और लोग उनकी परवरिश और संस्कारों की सराहना कर रहे हैं।
मैदान पर भी अर्शदीप सिंह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। विजय हजारे ट्रॉफी में 3 जनवरी को उन्होंने अपनी घरेलू टीम पंजाब की ओर से खेलते हुए सिक्किम के खिलाफ 34 रन देकर 5 विकेट झटके। इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
अर्शदीप के लिए आने वाले महीने काफी व्यस्त रहने वाले हैं। वह 11 जनवरी से शुरू हो रही भारत बनाम न्यूजीलैंड वनडे सीरीज का हिस्सा होंगे, इसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज और फिर टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी नजर आएंगे। वर्ल्ड कप के बाद अर्शदीप आईपीएल में अपनी टीम पंजाब किंग्स से जुड़ेंगे।

