
Shahid Kapoor Films In 2026: बॉलीवुड एक्टर शाहिद कपूर के लिए साल 2026 बेहद खास रहने वाला है। ‘ओ रोमियो’ के बाद अब उनकी दूसरी बड़ी फिल्म ‘कॉकटेल 2’ भी इसी साल रिलीज होने जा रही है। दो अलग-अलग जॉनर की फिल्मों के साथ शाहिद 2026 में बड़े पर्दे पर धमाकेदार मौजूदगी दर्ज कराने वाले हैं।
शाहिद कपूर विशाल भारद्वाज के निर्देशन में बनी रोमांटिक फिल्म ‘ओ रोमियो’ में नजर आएंगे, जिसमें उनके साथ तृप्ति डिमरी मुख्य भूमिका निभा रही हैं। यह फिल्म वैलेंटाइन वीक के मौके पर 13 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। वहीं ‘ओ रोमियो’ के करीब छह महीने बाद शाहिद की दूसरी फिल्म ‘कॉकटेल 2’ सितंबर 2026 में बड़े पर्दे पर दस्तक देगी।
‘ओ रोमियो’ और ‘कॉकटेल 2’ की रिलीज टाइमिंग को लेकर मिड-डे ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि दोनों फिल्मों के बीच जानबूझकर अंतर रखा गया है, क्योंकि दोनों का जॉनर और ट्रीटमेंट पूरी तरह अलग है। छह महीने का गैप शाहिद को नई इमेज और एनर्जी के साथ दर्शकों के सामने आने का मौका देगा। कमर्शियल लिहाज से भी यह रणनीति फायदेमंद मानी जा रही है, ताकि दर्शक एक किरदार से निकलकर दूसरे को सहजता से स्वीकार कर सकें।
रिपोर्ट के मुताबिक, ‘कॉकटेल 2’ की कहानी लगभग पूरी हो चुकी है और फिलहाल फिल्म के गानों, साउंड मिक्सिंग और फाइनल अरेंजमेंट पर काम चल रहा है। फिल्म में म्यूजिक की अहम भूमिका होगी, इसलिए मेकर्स हर पहलू को परफेक्ट बनाने में जुटे हैं।
गौरतलब है कि ‘कॉकटेल 2’, साल 2012 में आई हिट फिल्म ‘कॉकटेल’ का सीक्वल है, जिसमें दीपिका पादुकोण, सैफ अली खान और डायना पेंटी नजर आए थे। इसके सीक्वल में शाहिद कपूर के साथ कृति सेनन और रश्मिका मंदाना लीड रोल निभाती दिखाई देंगी। फिल्म का निर्देशन होमी अदजानिया कर रहे हैं।

