
‘द हंड्रेड’ लीग में बड़ा बदलाव किया गया है। रिलायंस इंडस्ट्रीज और सरे काउंटी क्रिकेट क्लब के बीच नई साझेदारी के बाद ओवल इनविंसिबल्स टीम का नाम बदलकर मुंबई इंडियंस लंदन कर दिया गया है। नई फ्रेंचाइजी में सरे की 51 प्रतिशत और रिलायंस की 49 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी। दोनों पक्षों ने संयुक्त रूप से मालिकाना हक इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड से ट्रांसफर किए जाने की पुष्टि की है।
रिलायंस और सरे ने बताया कि इस साझेदारी की प्रक्रिया जुलाई 2025 में ही लगभग पूरी हो गई थी, लेकिन आधिकारिक घोषणा अब की गई है। नई व्यवस्था के तहत 2026 से पुरुष और महिला दोनों टीमें मुंबई इंडियंस लंदन नाम से उतरेंगी।
ओवल इनविंसिबल्स ‘द हंड्रेड’ की अब तक की सबसे सफल टीम रही है और पिछले पांच वर्षों में लगातार पांच खिताब जीत चुकी है। वहीं, मुंबई इंडियंस ग्लोबल टी20 फ्रेंचाइज़ी सिस्टम का बड़ा ब्रांड बन चुकी है। रिलायंस ग्रुप की टीमें आईपीएल, अमेरिका की MLC, यूएई की ILT20 और दक्षिण अफ्रीका की SA20 सहित कई लीगों में सक्रिय हैं।
मुंबई इंडियंस फैमिली ने पिछले 18 वर्षों में 13 प्रमुख खिताब जीते हैं, जिनमें पांच आईपीएल, दो महिला प्रीमियर लीग, दो मेजर लीग क्रिकेट, दो चैंपियंस लीग टी20 खिताब और ILT20 तथा SA20 में एक-एक ट्रॉफी शामिल हैं। एमआई ग्रुप की हर टीम अपने-अपने टूर्नामेंट में ट्रॉफी जीतने में सफल रही है, जिससे यह दुनिया की सबसे सफल टी20 फ्रेंचाइजियों में गिनी जाती है।

