
ACC Men’s Asia Cup Rising Stars 2025: फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान शाहींस ने बांग्लादेश-ए को रोमांचक सुपर ओवर में हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। निर्धारित ओवरों में पाकिस्तान 125 रन पर ऑल आउट हो गया था, वहीं बांग्लादेश-ए भी जवाब में 125 रन ही बना पाई। सुपर ओवर में बांग्लादेश सिर्फ 6 रन जोड़ सकी, जिसे पाकिस्तान ने मात्र 4 गेंदों में हासिल कर लिया। इससे पहले, सेमीफाइनल में बांग्लादेश-ए ने इंडिया-ए को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी, जबकि पाकिस्तान शाहींस ने श्रीलंका को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। यह खिताबी मुकाबला रविवार, 23 नवंबर को दोहा में खेला गया।
अहमद दानियाल बने प्लेयर ऑफ द मैच
फाइनल में पाकिस्तान की शुरुआत लड़खड़ाती रही और टीम 75 रन पर 6 विकेट खोने के बाद 125 रन तक ही पहुंच सकी। साद मसूद ने 26 गेंदों में 38 रन की अहम पारी खेलते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुँचाया। जवाब में बांग्लादेश-ए के बल्लेबाज भी बड़ा प्रदर्शन नहीं कर सके। पाकिस्तान के गेंदबाजों ने लगातार विकेट निकालते हुए विपक्षी टीम को दबाव में रखा। अहमद दानियाल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 11 रन देकर 2 विकेट लिए और प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। सुफिया मुकीम ने भी 4 ओवर में 11 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। सुपर ओवर में भी अहमद दानियाल चमके और उन्होंने दो गेंदों में दोनों विकेट झटके, जिससे पाकिस्तान ने मैच पर पूरी तरह पकड़ बना ली, क्योंकि सुपर ओवर में अधिकतम दो ही विकेट गिर सकते हैं।
एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 प्राइज मनी
पाकिस्तान शाहींस को खिताब जीतने पर 20,000 अमेरिकी डॉलर की प्राइज मनी मिली। भारतीय मुद्रा में यह राशि लगभग 17.85 लाख रुपये होती है, जबकि पाकिस्तानी करेंसी में इसकी कीमत 56 लाख रुपये से अधिक बैठती है।

