
राजस्थान में बढ़ी ठंड का असर: कई शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे, फतेहपुर सबसे ठंडा रहा
राजस्थान में सर्दी ने दस्तक दे दी है। राज्य के कई हिस्सों में रात के तापमान में तेज गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, फतेहपुर (सीकर) प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहाँ न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा नागौर में 6.9 डिग्री, लूणकरणसर और दौसा में 8.7 डिग्री, अलवर में 9.0 डिग्री, सिरोही में 9.1 डिग्री, चूरू में 9.6 डिग्री और पिलानी में 9.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
शेखावाटी क्षेत्र सहित राज्य के कई इलाकों में सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ गई है। हालांकि दिन में अब भी हल्की गर्माहट बनी हुई है। बाड़मेर में दिन का अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जिससे रात और दिन के तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिला।
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, फिलहाल राज्य में मौसम शुष्क रहेगा और उत्तरी हवाओं के चलते आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। लोगों ने अब गर्म कपड़े निकाल लिए हैं, वहीं ग्रामीण इलाकों में अलाव जलाने का सिलसिला शुरू हो गया है।

