No menu items!
Thursday, November 6, 2025
spot_img

Latest Posts

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अनुनय सूद का निधन, फोर्ब्स इंडिया लिस्ट में दर्ज था नाम

दुबई बेस्ड इंफ्लुएंसर और फोटोग्राफर अनुनय सूद का 32 साल की उम्र में निधन

सोशल मीडिया के प्रसिद्ध ट्रैवल इन्फ्लुएंसर और फ़ोटोग्राफ़र अनुनय सूद का 32 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उनके अचानक निधन की खबर ने फैंस और फोटोग्राफी कम्युनिटी को गहरे सदमे में डाल दिया है। फिलहाल उनकी मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। परिवार की ओर से अनुनय के निधन की पुष्टि की गई है और इस कठिन समय में निजता बनाए रखने की अपील की गई है।

परिवार ने शेयर किया पोस्ट

अनुनय सूद के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर उनके परिवार की ओर से एक पोस्ट साझा की गई है। पोस्ट में लिखा गया, “अत्यंत दुख के साथ हमें अपने प्रिय अनुनय सूद के निधन की जानकारी देनी पड़ रही है। इस कठिन समय में हम सभी से सहानुभूति और निजता बनाए रखने का अनुरोध करते हैं। कृपया निजी संपत्ति के पास भीड़ जमा करने से बचें और परिवार व प्रियजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं एवं प्रार्थनाएं बनाए रखें। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।”

अनुनय सूद को आखिरी बार लास वेगास में देखा गया था, जहां वे एक लग्जरी कार प्रदर्शनी में शामिल हुए थे। उन्होंने वहां से लग्जरी गाड़ियों के साथ अपनी सोलो तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा की थीं। उनके अचानक निधन की खबर से यूजर्स और ट्रैवल कम्युनिटी में गहरा शोक है। अनुनय सोशल मीडिया पर एक लोकप्रिय ट्रैवल इन्फ्लुएंसर और फ़ोटोग्राफ़र थे, जिन्हें इंस्टाग्राम पर 14 लाख से अधिक लोग फॉलो करते थे। इसके अलावा, वे अपना एक यूट्यूब चैनल भी चलाते थे, जिसके 3.8 लाख सब्सक्राइबर हैं।

खास बात यह है कि मात्र 32 वर्ष की उम्र में ही अनुनय का नाम फोर्ब्स इंडिया की टॉप 100 डिजिटल स्टार्स की सूची में शामिल था। वर्ष 2022 से लेकर 2024 तक लगातार तीन साल इस प्रतिष्ठित लिस्ट में उनका नाम रहा।

बीते कुछ समय से अनुनय दुबई में रह रहे थे और वहां के प्रमुख ट्रैवल स्पॉट्स को कवर कर रहे थे। वे अपनी एक छोटी फर्म भी संचालित करते थे। उनके अचानक निधन ने फैंस और फोटोग्राफी जगत में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। उनके चाहने वाले लगातार सोशल मीडिया पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “भगवान आपको अपने श्रीचरणों में स्थान दें। विश्वास करना कठिन है, क्योंकि मुझे कल रात ही इस खबर के बारे में पता चला।”

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.