
शाहरुख खान के 60वें बर्थडे पर फैंस को मिला बड़ा तोहफा, ‘किंग’ का टीज़र रिलीज — धांसू लुक में दिखे SRK
बॉलीवुड के रोमांस के बादशाह शाहरुख खान ने 2 नवंबर को अपना 60वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया। एक्टर के बर्थडे पर सोशल मीडिया पर बधाइयों की बाढ़ आ गई। वहीं, मुंबई स्थित उनके बंगले ‘मन्नत’ के बाहर भी आधी रात से ही फैंस का जमावड़ा लग गया। हजारों प्रशंसकों ने केक काटकर और आतिशबाज़ी कर अपने पसंदीदा सितारे का जन्मदिन मनाया।
अपने खास दिन पर शाहरुख खान ने भी फैंस को शानदार रिटर्न गिफ्ट दिया। उन्होंने अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘किंग’ का टीज़र रिलीज कर दिया, जिसमें उनका दमदार और एक्शन से भरपूर अवतार देखने को मिला।
टीज़र में दिखा SRK का एक्शन अवतार
शाहरुख खान ने इंस्टाग्राम पर ‘किंग’ का टीज़र शेयर करते हुए लिखा — “सौ देश में बदनाम, दुनिया ने दिया सिर्फ एक ही नाम — #KING. यह शो का टाइम है! सिनेमाज़ 2026 में…”
टीज़र में एक्टर का नया लुक फैंस को खूब पसंद आ रहा है। सोशल मीडिया पर लोग इसे “ब्लॉकबस्टर इन द मेकिंग” बता रहे हैं।
हेमा मालिनी ने दिया था पहला ब्रेक
शाहरुख खान ने अपने करियर की शुरुआत हेमा मालिनी की फिल्म ‘दिल आशना है’ से की थी, जिसके लिए उन्हें 50,000 रुपये फीस मिली थी। इस फिल्म में जितेंद्र, मिथुन चक्रवर्ती, डिंपल कपाड़िया और अमृता सिंह जैसे दिग्गज कलाकार भी थे। हालांकि, उनकी पहली रिलीज फिल्म ‘दीवाना’ रही, जिसने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की और शाहरुख रातोंरात सुपरस्टार बन गए।
सुहाना खान के साथ पहली बार स्क्रीन शेयर करेंगे किंग खान
वर्कफ्रंट की बात करें तो शाहरुख आखिरी बार 2023 में रिलीज हुई ‘डंकी’ में नजर आए थे, जिसमें उनके साथ तापसी पन्नू और विक्की कौशल थे। अब एक्टर अपनी नई फिल्म ‘किंग’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। खास बात यह है कि इस फिल्म में वह पहली बार अपनी बेटी सुहाना खान के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे। फिल्म 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

