
भारत-चीन के बीच पांच साल बाद फिर से डायरेक्ट फ्लाइट सेवा शुरू
कोविड-19 महामारी और लद्दाख के गलवान घाटी में 2020 में हुए सैन्य तनाव के बाद भारत और चीन के बीच डायरेक्ट फ्लाइट सेवाएं पूरी तरह से बंद हो गई थीं। तब से अब तक दोनों देशों के बीच केवल हांगकांग के जरिए सीमित हवाई संपर्क बना हुआ था। लेकिन अब रिश्तों में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।
विदेश मंत्रालय ने अक्टूबर के अंत में भारत-चीन के बीच सीधी उड़ानों की बहाली की घोषणा की है। इंडिगो एयरलाइंस 26 अक्टूबर से कोलकाता और चीन के गुआंगझू के बीच रोज़ाना उड़ान शुरू करने जा रही है। इसके साथ ही दिल्ली से गुआंगझू के बीच भी सीधी उड़ान सेवा शुरू करने की योजना है।
इसके अलावा, नागरिक उड्डयन विभाग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक एयर इंडिया भी इस साल के अंत तक नई दिल्ली से शंघाई के लिए डायरेक्ट फ्लाइट शुरू करने पर विचार कर रही है, हालांकि इसका आधिकारिक ऐलान अभी नहीं हुआ है।
कोरोना से पहले केवल इंडिगो और एयर इंडिया ही भारत और चीन के बीच सीधी उड़ानें संचालित करती थीं। लेकिन महामारी और सीमा विवाद के चलते ये सेवाएं पूरी तरह से बाधित हो गईं थीं। अब, अमेरिका के साथ व्यापारिक तनातनी के बीच भारत चीन जैसे अन्य आर्थिक साझेदारों के साथ संबंधों को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है।