
IND vs PAK Asia Cup 2025: ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह पहला मौका है जब भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच खेला जा रहा है। एशिया कप के इस हाई-वोल्टेज मुकाबले को लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों में विरोध प्रदर्शन देखने को मिल रहे हैं।
भारत बनाम पाकिस्तान मैच इस समय सबसे बड़ी चर्चा का विषय बना हुआ है। पहलगाम हमले के बाद यह पहली बार है जब दोनों टीमें आमने-सामने आ रही हैं। एशिया कप 2025 का यह छठा मुकाबला दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। आमतौर पर भारत-पाक मुकाबले को क्रिकेट की सबसे बड़ी राइवलरी माना जाता है, लेकिन इस बार हालात कुछ अलग हैं। कई फैंस इस मैच का विरोध कर रहे हैं और अपना गुस्सा सोशल मीडिया पर जाहिर कर रहे हैं। इसी कड़ी में आईपीएल फ्रेंचाइजी पंजाब किंग्स ने भी एक पोस्ट के जरिए विरोध जताया।
गुरुवार को पंजाब किंग्स ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने कैप्शन दिया—”डिफेंडिंग चैंपियन के लिए दूसरा गेम, लेट्स गो।” पोस्ट में टीम इंडिया का लोगो दिखाया गया था, जबकि दूसरी ओर कोई टीम या खिलाड़ी नहीं दिखाया गया। उन्होंने टैग में सिर्फ “INDv” लिखा, जिससे साफ संकेत मिला कि उन्होंने पाकिस्तान टीम को इग्नोर किया है। इसे मैच का “बॉयकॉट” करने का एक प्रतीकात्मक तरीका माना गया। इस पर अब पीएसएल की एक टीम ने भी इसी तरह का पोस्ट करते हुए प्रतिक्रिया दी है।
भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर अब बहस सिर्फ फैंस तक सीमित नहीं रही, बल्कि IPL और PSL की टीमें भी सोशल मीडिया पर आमने-सामने आ गई हैं। पंजाब किंग्स के पोस्ट के जवाब में अब पीएसएल टीम कराची किंग्स ने भी ऐसा ही पोस्ट शेयर किया है।
कराची किंग्स ने जो तस्वीर पोस्ट की उसमें एक ओर पाकिस्तान टीम के कप्तान सलमान अली आगा बैठे नजर आ रहे हैं, जबकि दूसरी सीट पर सिर्फ एक परछाई दिखाई गई है। इस पोस्ट के साथ कैप्शन में लिखा गया—”मैन इन ग्रीन का दूसरा मैच, लेट्स गो।” यह पोस्ट भी प्रतीकात्मक रूप से भारत को इग्नोर करने जैसा दिखा, जो कि पंजाब किंग्स के पोस्ट के जवाब में एक सीधा संदेश माना जा रहा है।
भारत-पाकिस्तान मैच का विरोध इसलिए हो रहा है क्योंकि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की साजिश पाकिस्तान में रची गई थी। इस हमले के बाद दोनों देशों के बीच रिश्ते और भी ज्यादा तनावपूर्ण हो गए। इसके चलते देशभर में लोगों ने मांग की कि भारत को पाकिस्तान के साथ किसी भी तरह का क्रिकेट मैच नहीं खेलना चाहिए।
हालांकि, भारत सरकार की ओर से यह स्पष्ट कर दिया गया है कि पाकिस्तान के साथ कोई द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज नहीं खेली जाएगी। लेकिन अगर कोई अंतरराष्ट्रीय मल्टीटीम टूर्नामेंट होता है, जैसे कि एशिया कप या वर्ल्ड कप, तो उसमें भाग लेना मजबूरी होती है, क्योंकि यह टूर्नामेंट अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के अंतर्गत होते हैं।

