मानसून में बढ़ी हुई नमी और त्वचा पर बैक्टीरिया की वृद्धि से शरीर से बदबू आना आम समस्या बन जाती है। लेकिन फिटकरी, नींबू और सेब के सिरके जैसे घरेलू उपाय अपनाकर इस परेशानी से आसानी से राहत पाई जा सकती है।

बारिश के मौसम में वातावरण में नमी बढ़ जाती है, जिससे न केवल कपड़े और दीवारें सैलन से भर जाती हैं, बल्कि शरीर की सफाई में भी चुनौती आती है। ऐसे में कई लोग पसीने की बदबू यानी बॉडी आर्डर से परेशान रहते हैं। गर्मी के मुकाबले बरसात में पसीना जल्दी सूखता नहीं है और नमी के कारण शरीर पर बैक्टीरिया तेजी से पनपने लगते हैं। यही कारण है कि इस मौसम में कई लोगों के शरीर से तेज बदबू आने लगती है। अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो घबराने की आवश्यकता नहीं है। कुछ सरल घरेलू उपायों को अपनाकर आप इस समस्या से छुटकारा पा सकते हैं।
शरीर से क्यों आती है दुर्गंध?
शरीर से आने वाली बदबू का कारण केवल पसीना नहीं होता, बल्कि पसीने के संपर्क में आने वाले बैक्टीरिया भी जिम्मेदार होते हैं। शरीर में दो प्रकार की स्वेट ग्लैंड्स होती हैं — एक एक्राइन और दूसरी एपोक्राइन। एक्राइन ग्लैंड्स सीधे त्वचा की सतह पर पसीना छोड़ती हैं, जो गंधहीन होता है और शरीर को ठंडा रखता है। वहीं, एपोक्राइन ग्लैंड्स बालों की जड़ों से जुड़ी होती हैं और यह पसीना दुर्गंध फैलाने के लिए जिम्मेदार होता है। ये ग्लैंड्स मुख्य रूप से अंडरआर्म्स के क्षेत्र में पाए जाते हैं।
क्यों बढ़ जाती है बॉडी ओडर की समस्या बारिश में ?
मानसून के मौसम में वातावरण में नमी अधिक होने के कारण शरीर से निकलने वाला पसीना जल्दी सूखता नहीं है। इससे त्वचा पर बैक्टीरिया के बढ़ने के लिए अनुकूल माहौल बनता है, जो पसीने के साथ मिलकर बदबू का कारण बन सकता है। इसके अलावा, बारिश के समय कई बार लोग नहाने या साफ-सफाई का ध्यान नहीं रखते, जिससे यह समस्या और बढ़ जाती है।
पाएं राहत इन घरेलू उपाय से
फिटकरी करें इस्तेमाल: फिटकरी में प्राकृतिक रूप से बैक्टीरिया को मारने वाले गुण होते हैं। इसे थोड़ा पानी में भिगोकर अंडरआर्म्स या उन हिस्सों पर लगाएं जहाँ से बदबू आती है। नियमित उपयोग से न केवल बदबू कम होगी, बल्कि पसीना भी नियंत्रित होगा।
सेब का सिरका: सेब का सिरका शरीर के पीएच स्तर को संतुलित करता है और बैक्टीरिया को खत्म करने में मदद करता है। इसे कॉटन बॉल की मदद से अंडरआर्म्स पर लगाएं और 10 मिनट बाद धो लें। इससे बदबू में तुरंत सुधार देखने को मिलेगा।
बेकिंग सोडा का मिश्रण और नींबू :नींबू में प्राकृतिक एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं जबकि बेकिंग सोडा पसीने को सोखने का काम करता है। आप एक चम्मच बेकिंग सोडा में नींबू के कुछ बूंदें मिलाकर इसे अंडरआर्म्स पर लगा सकते हैं। 10 मिनट बाद इसे धो लें। हफ्ते में दो बार यह उपाय अपनाने से बदबू की समस्या में राहत मिलती है।