सरकाघाट(मंडी) – हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल में मसेरन के पास तरांगला में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। यात्रियों से भरी हिमाचल पथ परिवहन निगम(एचआरटीसी) की बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेतों में जा गिरी। हादसे में सात यात्रियों की माैत हो गई है। करीब 22 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में पांच महिलाएं व दो पुरुष शामिल हैं। घायलों का सरकाघाट अस्पताल व नेरचाैक मेडिकल काॅलेज में उपचार चल रहा है। डीएसपी सरकाघाट संजीव गौतम ने हादसे की पुष्टि की है। दो घायल महिलाओं ने मेडिकल काॅलेज नेरचौक में उपचार के दौरान दम तोड़ा।

हादसे की सूचना मिलते ही डीएसपी सरकाघाट व पुलिस थाना की टीम माैके के लिए रवाना हुई। घायलों को एंबुलेंस से सरकाघाट अस्पताल पहुंचाया गया है। स्थानीय लोग भी बचाव अभियान में जुटे रहे। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। वहीं हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार का माहाैल रहा। जानकारी के अनुसार हादसे के दाैरान बस में करीब 29 लोग सवार थे।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह ने जताया शोक
वहीं मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने एचआरटीसी बस के खाई में गिरने से अब तक सात लोगों के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने और उपचार दिलाने के लिए जिला प्रशासन को निर्देश जारी कर दिए गए। उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक-संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
चंबा में शिक्षक की मौत
उधर, चंबा जिले के मंडून गांव में बीती रात को एक शिक्षक की सड़क हादसे में माैत हो गई। जानकारी के अनुसार गाड़ी अनियंत्रित होकर टीन की छत पर गिर गई। हादसे में खेम राज पुत्र बृजलाल निवासी बुंदेडी की माैत हो गई। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने हादसे की पुष्टि की है।