चंडीगढ़। हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने घोषणा की है कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के 31 कोचों के लिए 3.66 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कारों को मंजूरी दे दी गई है। उन्होंने कहा कि यह राशि जल्द ही जारी कर दी जाएगी। मंत्री ने हरियाणा की खेल नीति को देश में सर्वश्रेष्ठ बताते हुए कहा कि यह हमारे खिलाड़ियों की सफलता का प्रमुख कारण है। गौतम ने कहा कि खिलाड़ियों को तैयार करने में कोचों का विशेष योगदान होता है, और सरकार उनके सम्मान को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि हाल ही में 4th पैरा एशियन गेम्स 2022 में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए भी करीब 32 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि जारी की गई है।

उन्होंने दोहराया कि हरियाणा सरकार ओलंपिक में स्वर्ण पदक विजेता को 7 करोड़, रजत पदक विजेता को 5 करोड़ और कांस्य पदक विजेता को 3 करोड़ रुपये देती है। इसके अतिरिक्त, खिलाड़ियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सरकारी नौकरियों में 3 प्रतिशत का कोटा भी दिया जाता है।
खेल मंत्री ने प्रदेश के कोचों से और अधिक लगन और मेहनत से खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य खिलाड़ियों के लिए ज्यादा से ज्यादा खेल के मैदान, अनुभवी कोच और बेहतर खेल सामग्री उपलब्ध कराना है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों में भाग लेने और प्रदेश व देश का नाम रोशन करने का भी आग्रह किया।