बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन आज 11 अक्तूबर को अपना जन्मदिन मना रहे हैं। बिग बी को कोई सदी का महानायक कहता है तो कोई उन्हें शहंशाह हुलाता है। अमिताभ बच्चन सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। वह अपने चाहने वालों के लिए अक्सर तस्वीरें साझा करते रहते हैं। बिग बी आज अपना 80वां जन्मदिन मना रहे हैं। अमिताभ बच्चन इंडस्ट्री में करीब पांच दशक से राज कर रहे हैं। आज उनके जन्मदिन के उनकी जिंदगी से जुड़े हुए कुछ किस्सों के बारे में जानते हैं।
अमिताभ बच्चन का जन्म 11 अक्तूबर, 1942 को उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद जिले में हुआ था। उनके पिता का नाम हरिवंश राय बच्चन था, जो हिंदी जगत के मशहूर कवि रहे हैं। उनकी मां का नाम तेजी बच्चन था। अमिताभ बच्चन ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत वर्ष 1969 में फिल्म ‘सात हिन्दुस्तानी’ से उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा था। अभिनेता के लिए यहां तक पहुंचना बिल्कुल भी आसान नहीं था। अपने करियर की शुरुआत में बिग बी ने हाइट से लेकर अपनी आवाज तक के लिए काफी आलोचना झेली है। हालांकि, उन्होंने हार नहीं मानी और आज उनके चाहने वालों की कमी नहीं है।